वर्षों तक सेवा देने वाले शिक्षकों को हटाने पर आक्रोश, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद जांच टीम गठित
मल्हार- मध्य नगरीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मल्हार में वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों को हटाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। प्रभावित शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में इस कार्रवाई को लेकर भारी नाराजगी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जिन शिक्षकों ने दशकों तक संस्था के विकास एवं विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दिया, उन्हें अचानक सेवा से पृथक कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोकुल प्रसाद पाटले ने विद्यालय की स्थापना काल से ही अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वहीं रमेश कुमार श्रीवास ने 22 वर्षों तक, रामलाल कैवर्त ने 12 वर्षों तक तथा ज्वाला प्रसाद बंजारे ने लगभग 17 वर्षों तक संस्था में अपनी सेवाएं दीं।
प्रभावित शिक्षकों का आरोप है कि उन्हें बिना पर्याप्त कारण बताए, बिना पूर्व सूचना एवं बिना उचित अवसर दिए संस्था से अलग कर दिया गया। उनका कहना है कि यदि शैक्षणिक योग्यता अथवा अन्य कोई आपत्ति थी, तो इतने वर्षों तक उनकी सेवाएं क्यों ली गईं।
शिक्षकों एवं उनके समर्थकों ने इस मामले को गंभीर मानते हुए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संबंधित विभाग द्वारा जांच टीम गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच दल द्वारा मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि वर्षों तक कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानजनक अवसर एवं अपनी बात रखने का अधिकार मिलना चाहिए था। अचानक की गई कार्रवाई से संस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अभिभावकों ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अनुभवी शिक्षकों के हटने से विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पक्ष पर उचित कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित शिक्षकों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए।
अब सभी की निगाहें जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
संवाददाता – महेंद्र सिंह राय
