किशनगंज: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, चोरी का रूप देने की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा

किशनगंज: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, चोरी का रूप देने की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा

रिपोर्टर: मुजाहीर, किशनगंज

किशनगंज, 6 जुलाई: किशनगंज जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र में 42 वर्षीय रिजवान आलम की हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए मृतक की पत्नी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने सहयोगी अनवर हुसैन के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से पति की हत्या की और घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी अनुसंधान, पूछताछ और साक्ष्य संकलन के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच के दौरान मृतक की पत्नी डेजी परवीन का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को घटना के पीछे की साजिश का पता चला।

पुलिस के अनुसार, एक महत्वपूर्ण फोन कॉल और तकनीकी विश्लेषण ने पूरे हत्या कांड का राज खोल दिया। इसके बाद आरोपी डेजी परवीन और अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड नदी से बरामद की गई, जबकि घटना से जुड़ा मोबाइल फोन मोहल्ले की बांसबाड़ी में जमीन के भीतर छिपाया हुआ मिला।

इस संबंध में मृतक के पिता नजीर आलम (69), निवासी टंगटंगी, थाना बहादुरगंज, के फर्दबयान पर बिशनपुर थाना कांड संख्या 34/26, दिनांक 4 जुलाई 2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में नजीर आलम ने बताया था कि उनका पुत्र रिजवान आलम बिशनपुर वार्ड संख्या-6 स्थित अपने निजी मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। 4 जुलाई की सुबह सूचना मिली कि रिजवान की घर के कमरे में सोते समय हत्या कर दी गई है। घटना के समय मृतक की पत्नी डेजी परवीन और उसकी छोटी पोती भी उसी बिस्तर पर मौजूद थीं। उन्होंने अपनी बहू पर संदिग्ध आचरण का आरोप लगाते हुए अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या करने की आशंका जताई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिससे हत्या की पूरी साजिश का खुलासा संभव हो सका।

फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!