जगदीशपुर बाजार में अतिक्रमण हटाने का निर्देश, एक दिन की दी मोहलत
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ जाने वाले डाक बम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए गुरुवार को जगदीशपुर बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। अंचल अधिकारी सतीश कुमार एवं थाना प्रभारी रामचंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ बाजार का निरीक्षण किया और सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को एक दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद यदि सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। साथ ही अभियान में आने वाले खर्च की वसूली भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी।
प्रशासन की टीम ने पुरैनी बाजार एवं बलुआचक क्षेत्र के दुकानदारों को भी सड़क की सीमा से बाहर रखी गई दुकानों, ठेलों और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में डाक बम और अन्य श्रद्धालु गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर अतिक्रमण रहने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अंचल अधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि आम लोगों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने तथा समय रहते स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की। साथ ही बताया कि निर्धारित अवधि के बाद अभियान और सख्ती के साथ चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
