कटिहार:13 वर्षीय विक्रम का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, सघन तलाशी अभियान जारी

कटिहार:13 वर्षीय विक्रम का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, सघन तलाशी अभियान जारी

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के शेखपुरा पंचायत अंतर्गत पीपल टोला निस्ता गांव के समीप शनिवार दोपहर महानंदा नदी में डूबे 13 वर्षीय किशोर विक्रम कुमार यादव की तलाश रविवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।

एसडीआरएफ की टीम ने नदी के गहरे पानी और तेज बहाव के बीच घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। रोशनगंज निवासी बैजनाथ यादव का पुत्र विक्रम शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे मवेशियों के लिए घास काटने नदी के पार गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घास काटने के दौरान किनारे पर पानी पीने के क्रम में पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बहने लगा। नाव चलाने वाले घटवाल ने बताया कि किशोर करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर डूबता दिखाई दिया था। इकलौते बेटे के नदी में डूबने की खबर मिलते ही पिता बैजनाथ यादव कोलकाता से सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। नदी किनारे उनका और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार देर शाम तक मुखिया प्रतिनिधि इकबाल हुसैन, मुखिया पति मोहम्मद अरब, सरपंच मनोज कुमार शर्मा और समिति प्रतिनिधि संजय यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण नदी किनारे डटे रहे और जवानों के साथ विक्रम की सलामती की उम्मीद में टकटकी लगाए रहे। उसे बचाने के लिए दो महिलाएं भी पानी में उतरीं, जिन्हें पहले सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक विक्रम पानी की गहराई में ओझल हो चुका था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। कदवा सीओ पिंटू चौधरी व बलिया बेलौन थाना पुलिस की पहल पर एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार को ही मोर्चा संभाला था। रविवार सुबह एसडीआरएफ के जवानों ने नाव व आधुनिक उपकरणों के साथ पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी में तेज करंट और अत्यधिक गहराई के कारण बचाव दल को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इकलौते बेटे की तलाश में बिलख रहे पिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!