जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
किशनगंज:- आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारियों के साथ प्राप्त लंबित आवेदनों एवं विभिन्न विभागीय मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला विधिक प्रशाखा से संबंधित मामले यथा CWJC, MJC, LPA, नीलाम पत्र वाद एवं कार्यालय में लंबित पत्रो के निष्पादन हेतु जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समयबद्ध तरीके से लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करेंगे ।
ईज ऑफ लिविंग, मुख्यमंत्री जनता दरबार , लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, PMO पोर्टल एवं C.P GRAMS , जिला पदाधिकारी जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन हेतु जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी महोदय ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, किशनगंज के न्यायालय से पारित आदेशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को पुलिस बल के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए न्यायालय से पारित आदेशों का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, शौचालय निर्माण, पेयजल, विद्युत सुविधा, खराब विद्युत व्यवस्था तथा विद्यालय भवनों में आंगनबाड़ी केंद्रों को शिफ्ट किए जाने से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की । साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि भूमिहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करना सुनिश्चित करेंगे ।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि CM Dashboard, मानवाधिकार , विधानसभा सचिवालय से प्राप्त लंबित पत्रों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ।
जिला पदाधिकारी महोदय ने जिलेभर में भूमि से संबंधित समस्याओं तथा विभिन्न विभागों को आवश्यक भूमि की आवश्यकता/उपलब्धता से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन विभागों को भूमि की आवश्यकता है अथवा जहां भूमि से संबंधित समस्या है, उसका विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर गोपनीय प्रशाखा को उपलब्ध कराया जाए, ताकि ऐसे मामलों का समुचित अनुश्रवण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अपने-अपने स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे ।
सामाजिक सुरक्षा के तहत भरण पोषण की समीक्षा के क्रम में उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण के लंबित मामलों का निष्पादन कैंप लगाकर शत प्रतिशत सुनिश्चित करेंगे , ताकि वंचितों का पेंशन भुगतान ससमय किया जा सके।
सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारी को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि एसी/ डीसी बिल का शत प्रतिशत समायोजन शीघ्र करना सुनिश्चित करेंगे ।
शिक्षा ,स्वास्थ, पीएचईडी,कल्याण आदि विभागों के संबंधित पदाधिकारी को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व स्कूलों, पीएचसी सेंटर, भवनों आदि का रंग रोगन एवं मरम्मती कार्य हर हाल में पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे ।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के चयनित गांवों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण का प्रतिवेदन यथाशीघ्र भेजना सुनिश्चित करेंगे । ताकि उन क्षेत्रों में संबंधित विभाग के समस्याओं का निराकरण किया जा सके ।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन , जिला लोक शिकायत निवारण , जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी,जिला स्थापना उपसमाहर्ता, डीपीओ योजना, आईटी मैनेजर, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण , सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़ें थें।
