किशनगंज : जिलाधिकारी ने ठाकुरगंज में ड्रैगन फ्रूट एवं वेनीला की खेती का किया निरीक्षण, नवाचार को दिया बढ़ावा

किशनगंज : जिलाधिकारी ने ठाकुरगंज में ड्रैगन फ्रूट एवं वेनीला की खेती का किया निरीक्षण, नवाचार को दिया बढ़ावा

किशनगंज, 07 अक्टूबर 2026।
जिला पदाधिकारी, किशनगंज श्री नवीन कुमार ने आज भ्रमण कार्यक्रम के दौरान ठाकुरगंज प्रखंड में कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और नई फसलों की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा किए जा रहे ड्रैगन फ्रूट एवं वेनीला की खेती को देखा तथा किसानों से खेती की पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

जिला पदाधिकारी ने कृषक श्री नागराज नखत के खेत में की जा रही ड्रैगन फ्रूट की खेती का निरीक्षण किया। किसान द्वारा बताया गया कि उन्होंने वर्ष 2014 में ड्रैगन फ्रूट की खेती की शुरुआत की थी। जिलाधिकारी ने फसल की उत्पादन क्षमता, खेती की तकनीक, सिंचाई, देखभाल, लागत, बाजार एवं विपणन से संबंधित जानकारी ली।

इसी क्रम में उन्होंने कृषक श्री हंसराज नखत द्वारा की जा रही वेनीला की खेती का भी अवलोकन किया और इस नई फसल के उत्पादन एवं संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने किसानों के अनुभवों को रुचिपूर्वक सुना तथा स्थानीय परिस्थितियों में नई एवं लाभकारी फसलों की संभावनाओं पर चर्चा की।

कोल्ड स्टोरेज का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने श्री नागराज नखत द्वारा कृषि उपज के सुरक्षित रखरखाव के लिए स्थापित कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भंडारण की व्यवस्था, कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों के प्रबंधन की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि नई फसलों की खेती के साथ-साथ कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण, उचित मूल्य और बेहतर बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना भी कृषि को लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कृषि नवाचारों की सराहना

जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में किए जा रहे इन प्रयोगों की सराहना करते हुए कहा कि हॉर्टिकल्चर एवं कृषि उत्पादन के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और प्रयोगों को देखना तथा उसका साक्षी बनना सुखद अनुभव है। किसानों का सीखने, प्रयोग करने और नई संभावनाओं को अपनाने के प्रति समर्पण सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि “किशनगंज पर हमें गर्व है और इस तरह के नवाचारों को हम आगे भी जारी रखेंगे।”

उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई फसलों, आधुनिक तकनीकों और बाजार आधारित कृषि को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले में स्थानीय स्तर पर सफल हो रहे कृषि प्रयोगों एवं किसानों के अनुभवों को अन्य किसानों तक पहुंचाने से खेती के नए और लाभकारी विकल्प विकसित किए जा सकते हैं।

ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने कृषि विभाग को कार्ययोजना तैयार कर ड्रैगन फ्रूट की खेती को जिले में योजनाबद्ध तरीके से बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को इच्छुक किसानों को चिह्नित कर उन्हें ड्रैगन फ्रूट की खेती की तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि सफल किसानों के अनुभवों एवं उनके द्वारा अपनाई जा रही तकनीकों का प्रदर्शन एवं प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाए, ताकि जिले में नई एवं लाभकारी फसलों का क्षेत्र विस्तार हो सके तथा किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ें।

निरीक्षण के अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री गुप्तेश्वर कुमार, बीडीओ श्री आशीष कुमार, अंचलाधिकारी श्री मृत्युंजय कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री प्रभात कुमार, उप निदेशक अभियंत्रण श्री विजय कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्री अनुज कुमार सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!