माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किशनगंज जिले की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का किया गया उद्घाटन एवं शिलान्यास । सड़क, बिजली, शिक्षा एवं पेयजल सुविधाओं को मिलेगा विस्तार

 

किशनगंज :- माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वैशाली जिला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किशनगंज जिले से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।

माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा वैशाली में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किशनगंज जिला अंतर्गत शहीद अशफाक उल्लाह खाँ स्टेडियम, खगड़ा में किया गया।

इस अवसर पर किशनगंज जिले में सड़क, ऊर्जा, शिक्षा एवं पेयजल से संबंधित निम्नलिखित महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।

1.बायसी–बहादुरगंज–दिघलबैंक राज्य उच्च पथ संख्या-99 (SH-99) का उद्घाटन

किशनगंज एवं पूर्णिया जिले के लिए महत्वपूर्ण बायसी–बहादुरगंज–
दिघलबैंक राज्य उच्च पथ
संख्या-99 के उन्नयन, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया।

बिहार राज्य पथ परियोजना-III (BSHP-III), फेज-2 के अंतर्गत संचालित इस परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति राशि 602.24 करोड़ रुपये है। परियोजना की कुल लंबाई 65.350 किलोमीटर है, जिसमें किशनगंज जिले के अंतर्गत 33.315 किलोमीटर तथा पूर्णिया जिले के अंतर्गत 32.035 किलोमीटर सड़क शामिल है।

परियोजना के अंतर्गत मानक दो लेन की सड़क, चार लेन की सड़क, 02 वृहद पुल, 09 लघु पुल तथा 145 पुलियों का निर्माण एवं उन्नयन कार्य शामिल है।

यह सड़क पूर्णिया जिले के बायसी में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-27 से प्रारंभ होकर बहादुरगंज में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-327E को जोड़ते हुए दिघलबैंक प्रखंड के हरवाडांगा में भारत-नेपाल सीमा सड़क से जुड़ती है।

इस परियोजना के पूर्ण होने से बायसी, अमौर, कोचाधामन, बहादुरगंज एवं दिघलबैंक सहित संबंधित क्षेत्रों की सड़क संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्थानीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन, व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

2. विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का उद्घाटन

ऊर्जा विभाग के अंतर्गत किशनगंज जिले में 3 नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का उद्घाटन किया गया। इन विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत आई है।

उद्घाटित विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का विवरण निम्नवत है—

1. प्रखंड बहादुरगंज – लौचा (तेघरिया)।
2. प्रखंड पोठिया – निमलगांव (डामलबाड़ी)।
3. प्रखंड किशनगंज – खगड़ा (महेशबथना)।

इन विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी। बिजली वितरण प्रणाली की क्षमता में वृद्धि के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

3. उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजागांव के उन्नत भवन का उद्घाटन

ठाकुरगंज प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय , राजागांव के उन्नत विद्यालय भवन का उद्घाटन किया गया। इस भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक आधारभूत संरचना एवं सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यालय में पठन-पाठन के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने में सहायता मिलेगी।

4. किशनगंज शहरी जलापूर्ति परियोजना फेज-III का शिलान्यास

नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत किशनगंज शहरी जलापूर्ति परियोजना फेज-III का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना की कुल लागत 53.72 करोड़ रुपये है।

परियोजना के पूर्ण होने पर किशनगंज शहर के लगभग 3,892 परिवारों को पाइपलाइन के माध्यम से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे शहरी क्षेत्र के नागरिकों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम में सहायता मिलेगी।

5. प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत किशनगंज शहरी क्षेत्र अंतर्गत 4100, बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत 1800, ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत 700 इस प्रकार कुल 6600 लाभुकों को आवास प्रदान किया गया है ।
जिसमें सांकेतिक रूप से 11 लाभुकों को गृह प्रवेश हेतु आवास की चाबी प्रदान की गई।
इससे लाभुकों के अपने पक्के आवास के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।

उक्त विकास परियोजनाएं किशनगंज जिले में आधारभूत संरचना के विस्तार एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। सड़क संपर्क के सुदृढ़ीकरण से आवागमन एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, विद्युत उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी, विद्यालय भवन से शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा जलापूर्ति परियोजना से शहरी परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।

इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में सड़क, ऊर्जा, शिक्षा एवं पेयजल के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सुधार एवं क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी ।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी , उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी किशनगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशनगंज, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी / कर्मी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!