मोहम्मद मुजाहिर किशनगंज
किशनगंज, : बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार किशनगंज पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के नेतृत्व में सोमवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में जनता दरबार और पुलिस–पब्लिक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना था। जनता दरबार में विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं।
एसपी सागर कुमार ने थानाध्यक्ष को सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों के साथ होने वाले अपराध, छेड़खानी और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस–पब्लिक संवाद के दौरान शराब और पशु तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए जनता से सहयोग की अपील की गई। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित वाहन जांच और पुलिस कैंप स्थापित करने की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम का समापन पुलिस और जनता के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
