मालदा मंडल द्वारा साहेबगंज रेलवे स्टेशन पर दो दिवसीय हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन हुआ।

मालदा मंडल द्वारा साहेबगंज रेलवे स्टेशन पर दो दिवसीय हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन हुआ

रिपोर्ट – अमरजीत कुमार तिवारी भागलपुर/बिहार।

*मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा मालदा मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में दिनांक 12 एवं 13 मार्च, 2026 को साहेबगंज रेलवे स्टेशन के सभाकक्ष में दो दिवसीय हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।* इस कार्यशाला में साहेबगंज रेलवे स्टेशन के विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

*कार्यक्रम की शुरूआत में उपस्थित प्रतिभागियों और मुख्य अतिथियों का वरिष्ठ अनुवादक, विद्यासागर राम ने स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सहायक यांत्रिक अभियंता, श्री पवन कुमार सिंह, तथा मुख्य वक्ता के रूप में श्री रामजन्म मिश्र, पूर्व प्राचार्य, साहेबगंज कॉलेज उपस्थित थे।*

श्री पवन कुमार सिंह ने अपने संबोधन में मालदा मंडल के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला की प्रशंसा की और कहा कि राजभाषा में कार्य करना सरल है तथा इसे बाध्यता न मानकर स्वेच्छा से करना चाहिए।

मुख्य वक्ता श्री रामजन्म मिश्र ने राजभाषा हिंदी के संवैधानिक महत्व, इसके उपयोग की अनिवार्यता और कार्यालयी कामकाज में सरल एवं स्पष्ट हिंदी के प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी में कार्य करना हमारा संवैधानिक दायित्व होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। इस प्रकार की कार्यशालाएँ कर्मचारियों को हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती हैं।

यह कार्यशाला प्रत्येक दिन दो सत्रों में आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों को टिप्पणी लेखन, पत्र एवं पत्राचार लेखन, राजभाषा नियम व अधिनियमों, तथा कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य करने की विधियों के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यशाला में सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग, भाषा की सरलता, स्पष्टता एवं शुद्धता पर विशेष जोर दिया गया।

मालदा मंडल के राजभाषा विभाग की यह कार्यशाला कर्मचारियों को हिंदी के संवर्धन, प्रोत्साहन और आधिकारिक कार्यप्रणाली में इसके सशक्त उपयोग हेतु प्रेरित करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!