पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित

सहकारिता विभाग के तत्वावधान में सम्राट अशोक भवन, खगड़ा, किशनगंज में पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिला पदाधिकारी, किशनगंज श्री विशाल राज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में किशनगंज जिले के कुल 126 पैक्स तथा 07 व्यापार मंडलों के अध्यक्ष एवं प्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पैक्सों में व्यवसायिक विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, समितियों की आय में वृद्धि करना तथा उन्हें सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाना था।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पैक्स का कार्य केवल अधिप्राप्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। देश के अन्य राज्यों में सहकारी समितियां विभिन्न प्रकार के व्यवसायों से जुड़कर सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं तथा आत्मनिर्भर बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में भी पैक्सों को बहुआयामी गतिविधियों को अपनाते हुए आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सहकारिता विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका प्रभावी क्रियान्वयन पैक्सों के माध्यम से किया जाना है।

कार्यशाला के दौरान प्रमंडलीय संयुक्त निबंधक, पूर्णिया प्रमंडल श्री अमजद हयात बर्क ने पैक्सों के कंप्यूटरीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समितियों को अपनी कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कंप्यूटर आधारित प्रणाली को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यों को पेपरलेस करते हुए कंप्यूटर के माध्यम से व्यवसाय करने से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि कार्यों का सुगम एवं त्वरित निष्पादन भी संभव होगा।

इस अवसर पर समितियों के अंकेक्षण, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), समितियों के लोकतांत्रिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों, उद्यमिता विकास तथा पैक्सों में व्यवसायिक विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कार्यशाला में उपस्थित पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके समाधान के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

नजमुल हसनैन ज़की

कार्यशाला में जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री अमरनाथ कपूर, जिला अंकेक्षण पदाधिकारी श्री फैसल अली, डीडीएम नाबार्ड श्री दयानंद कुमार, मुख्य सहकारिता प्रसार पदाधिकारी श्री मनीष रंजन एवं श्री विनोद कुमार मिश्रा सहित सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, कार्यपालक सहायक एवं सहकारिता विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!