मालदा मंडल द्वारा बड़हरवा स्टेशन पर हिंदी में तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।

*मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा मालदा मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में दिनांक 16.03.2026 को बड़हरवा स्टेशन स्थित रेल पथ कार्यालय में “गरमी के मौसम में पटरियों का रखरखाव” विषय पर हिंदी में तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बड़हरवा रेलवे स्टेशन स्थित विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया।*

कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ अनुवादक श्री विद्यासागर राम ने उपस्थित प्रतिभागियों तथा मुख्य अतिथि के रूप में पधारे सीनियर सेक्शन इंजीनियर श्री एस. एल. मरैया एवं मुख्य वक्ताओं — श्री शशिकांत कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ), तीनपहाड़ तथा श्री सैयदुल हक, जूनियर इंजीनियर, बड़हरवा — का स्वागत किया।

अपने संबोधन में श्री मरैया ने मालदा मंडल के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस हिंदी तकनीकी संगोष्ठी की सराहना करते हुए कहा कि राजभाषा में तकनीकी संगोष्ठी के आयोजन से तकनीकी विषयों पर सीधी और सरल भाषा में जानकारी प्रदान की जा सकती है।

मुख्य वक्ताओं ने गरमी के मौसम में पटरियों के रखरखाव तथा इस दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि तकनीकी विषयों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए हिंदी माध्यम से आयोजित ऐसी तकनीकी संगोष्ठियाँ कार्मिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती हैं।

मालदा मंडल द्वारा आयोजित यह तकनीकी संगोष्ठी कर्मचारियों को हिंदी के संवर्द्धन, प्रोत्साहन तथा आधिकारिक कार्यप्रणाली में इसके प्रभावी उपयोग हेतु प्रेरित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई। मालदा मंडल द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं इसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!