खोरीबाड़ी क्षेत्र में उड़ान वेलफेयर फाउंडेशन की पहल, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
शर्मिला कुमारी गलगलिया/खोरीबाड़ी: खोरीबाड़ी ब्लॉक अंतर्गत अधिकारी में उड़ान वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आज स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी गणेश देवनाथ एवं रीना मंडल उपस्थित रहे। शिविर का संचालन ब्लड डोनर्स वेलफेयर सोसाइटी की ओर से किया गया।
सोसाइटी के कर्णधार रिक घोष ने बताया कि उनकी संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष मेडिकल ब्लड बैंक के लिए इस तरह के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करने की अपील की।
शिविर के आयोजन के लिए पुलिसकर्मी बापन दास को प्रेरणास्रोत बताया गया। इस दौरान शांतनु, वैशाली, बीथी और कौशिक समेत कई सदस्यों ने रक्तदान किया। इनमें कुछ लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। पहली बार रक्तदान करने वाले सदस्यों ने इसे एक नेक कार्य बताते हुए खुशी और संतोष व्यक्त किया।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान के साथ नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भी भागीदारी रही।
