डेस्क बिहार भागलपुर 10-10-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
दुर्गा पूजा में डीजे बजाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, सुरक्षा के लिए तैनात होंगे पुलिसकर्मी
जगदीशपुर आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को जगदीशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह और सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने किया। इसमें जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक में थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेले में आग से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि मेले में किसी तरह का हुड़दंग न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि मेले के दौरान किसी भी तरह की परेशानी या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने पर सहमति जताई।
बैठक में जगदीशपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि घनश्याम मंडल, भारती भूषण झा, भरोसी तांती, बिरबल मंडल, गुड्डू कुमार, चांदपुर के उपमुखिया राजकुमार साह, सोनूचक के उदय कुमार मंडल, पुरैनी के मुखिया शाहबाज, बलुआचक के मुखिया मुकेश कुमार मंडल सहित शांति समिति के कई सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
