विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर ‘जलवायु परिवर्तन’ विषय के साथ हरित भविष्य के लिए एकजुट हुआ पूर्व रेलवे
कोलकाता, 5 जून, 2026
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने तथा रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आम जनता के बीच पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय रेल ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का आयोजन जलवायु परिवर्तन की रोकथाम, सतत विकास की कार्यप्रणालियों तथा मिशन लाईफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के सिद्धांतों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए किया।
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने आज रेलवे बोर्ड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के रेलवे कर्मचारियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में पूर्व रेलवे सहित सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री सतीश कुमार ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा भावी पीढ़ियों के लिए सतत एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने हेतु दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भारतीय रेल में स्वच्छता एवं पर्यावरणीय स्थिरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2025 पुरस्कार’ भी प्रदान किए।
पूर्व रेलवे मुख्यालय, फेयरली प्लेस में महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने प्रधान विभागाध्यक्षों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ग्रहण की। इस शपथ के माध्यम से प्रदूषण कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।
इस अवसर को चिह्नित करने के लिए पूर्व रेलवे के चारों मंडलों—हावड़ा, सियालदह, आसनसोल एवं मालदा—के साथ-साथ इसके तीनों कारखानों एवं रेलवे अस्पतालों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें वृक्षारोपण अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण शपथ कार्यक्रम तथा जैव विविधता संरक्षण, अपशिष्ट में कमी और सतत जीवनशैली के महत्व पर आधारित जन-जागरूकता गतिविधियाँ शामिल थीं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिब राम माझि ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों एवं अन्य हितधारकों की व्यापक भागीदारी पूर्व रेलवे की पर्यावरण संरक्षण के प्रति सतत प्रतिबद्धता तथा स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सार्थक योगदान देने के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
