Katihar:आजमनगर पुलिस ने 105 ग्राम स्मैक जब्त किया: दो तस्करों को पकड़ा, मादक पदार्थ तस्करी में उपयोग की गई बाइक भी जब्त

Katihar:आजमनगर पुलिस ने 105 ग्राम स्मैक जब्त किया: दो तस्करों को पकड़ा, मादक पदार्थ तस्करी में उपयोग की गई बाइक भी जब्त

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

आजमनगर थाना क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 105 ग्राम स्मैक के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है।
आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस को जलकी पंचायत के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम का गठन किया गया और जलकी पीर मजार चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधि करते हुए भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस बल की तत्परता और घेराबंदी के कारण दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद साबिर (55 वर्ष), निवासी दक्षिण टोला, आजमनगर तथा मोहम्मद अकबर (23 वर्ष), निवासी राघौल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 105 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी कीमत बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!