Katihar:भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा: कटिहार में आदिवासी समाज ने आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद ने मंगलवार को कटिहार के पूर्व मधेपुरा मुंडा टोला स्थित भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल पर उनकी पुण्यतिथि मनाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश उरांव ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा आदिवासी समाज की वैचारिक शक्ति, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और संस्कृति व पहचान को संरक्षित रखने की प्रेरणा का प्रतीक है।
अधिकारों और अस्मिता की रक्षा
उरांव ने जोर दिया कि बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान आज भी समाज को अपने अधिकारों और अस्मिता की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।
पुण्यतिथि के अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प लिया। इस दौरान आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, सामाजिक विकास और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
समाज की उन्नति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान
परिषद के पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को आत्मसात करने और समाज की उन्नति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में सदानंद मुर्मू, टॉलमी मरांडी, सालखु मरांडी, चिंता मणि महतो सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
