कटिहार:आसमान से बरसे फूल, गूंजा ‘हर-हर महादेव’: कटिहार के गोरखनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से कांवरियों पर भव्य पुष्पवर्षा
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार, 24 अगस्त:
सावन मास की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर कटिहार जिला स्थित सुप्रसिद्ध बाबा गोरखनाथ धाम (आजमनगर प्रखंड) एक अलौकिक और ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए पहुंचे लाखों कांवरिया श्रद्धालुओं के स्वागत और अभिनंदन में हेलीकॉप्टर से भव्य पुष्पवर्षा कराई गई।
जयकारों से गूंजा धाम, आसमान से बरसे फूल
मनिहारी गंगा घाट से पवित्र जल भरकर लंबी पदयात्रा तय कर पहुंचे लाखों शिवभक्तों पर जैसे ही प्रातः 10:25 बजे हेलीकॉप्टर से गुलाब और गेंदे के फूलों की बारिश शुरू हुई, पूरा धाम परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इस विहंगम दृश्य ने श्रद्धालुओं के थकान को भक्तिमय ऊर्जा में बदल दिया।
कार्यक्रम के प्रमुख बिंदु:
आयोजक: पर्यटन विभाग, बिहार सरकार
स्थान: प्रसिद्ध बाबा गोरखनाथ धाम (शिव मंदिर), आजमनगर, कटिहार
समय: प्रातः ठीक 10:25 बजे
श्रद्धालु: मनिहारी गंगा घाट से जल लेकर पहुंचे लाखों कांवरिए
प्रशासनिक मुस्तैदी: श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और संपूर्ण कांवरिया पथ पर सुरक्षा के कड़े व चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
बिहार सरकार की इस अनूठी पहल की कांवरियों और स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
