किशनगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

मोहम्मद मुजाहीर, किशनगंज

किशनगंज: किशनगंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और 515.670 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह तस्करी गिरोह नेपाल से लेकर किशनगंज और तेलंगाना (हैदराबाद) तक फैला हुआ था। तस्करों द्वारा की जा रही गतिविधियों की जांच में यह सामने आया कि नेपाल से हेरोइन की खेप भारत में किशनगंज के रास्ते पहुंचाई जाती थी और फिर आगे तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों में भेजी जाती थी।

गिरफ्तार किए गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है, और पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी एक महत्वपूर्ण कदम है और वे इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रहे हैं।

पुलिस ने इस सिलसिले में किशनगंज और आसपास के इलाकों में अन्य संदिग्ध जगहों पर भी छापेमारी की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। इस बड़े खुलासे के बाद पुलिस विभाग की सराहना की जा रही है।

किशनगंज के पुलिस अधीक्षक ने बताया, “हमारी प्राथमिकता इस गिरोह के सभी सदस्यों को पकड़ना और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना है। हम इस मामले में पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।”

इस कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों में उत्साह और आशा का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!