हरित एवं सुरक्षित परिचालन की दिशा में जमालपुर लोको शेड में ऑक्सी-हाइड्रोजन फ्यूल गैस जनरेटर का शुभारंभ
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।
कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, मालदा मंडल के अंतर्गत जमालपुर लोको शेड में ऑन-साइट ऑक्सी-हाइड्रोजन फ्यूल गैस जनरेटर (AG-4000) का सफलतापूर्वक स्थापना एवं कमीशनिंग किया गया है। *यह कार्य मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), जमालपुर, श्री कृष्ण कुमार दास के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।*
नवस्थापित प्रणाली का उपयोग 100 मिमी तक मोटाई वाले माइल्ड स्टील (MS) प्लेटों की ऑक्सी-कटिंग हेतु बिना डिसॉल्व्ड एसीटिलीन (DA) गैस के किया जाएगा। यह जनरेटर RO/DM जल के इलेक्ट्रोलिसिस द्वारा हाइड्रोजन गैस का उत्पादन करता है तथा बेहतर परिचालन सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु फ्लैश बैक अरेस्टर से सुसज्जित है।
इस पहल से एसीटिलीन गैस पर निर्भरता समाप्त होगी तथा DA सिलेंडरों के संग्रहण, परिवहन एवं भंडारण की आवश्यकता नहीं रहेगी, जिससे परिचालन अधिक सुरक्षित एवं दक्ष बनेगा। साथ ही, यह प्रणाली कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने एवं परिचालन लागत को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
यह अभिनव पहल रेलवे परिचालन में सतत, सुरक्षित एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने के प्रति मालदा मंडल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
