कटिहार:शेरशाहबादी समुदाय को बांग्लादेशी बताने पर नाराज हुए सांसद तारिक अनवर

कटिहार:शेरशाहबादी समुदाय को बांग्लादेशी बताने पर नाराज हुए सांसद तारिक अनवर

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

सीमांचल में शेरशाहवादी मुस्लिम समुदाय को लेकर दिए गए बांग्लादेशी बयान ने राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है। इस विवाद को तूल देते हुए कटिहार के कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने इसे सामाजिक ताने-बाने के लिए बेहद खतरनाक करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर संबंधित विधायक के खिलाफ सख्त और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। कटिहार स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने बिना नाम लिए जदयू विधायक के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चुनावी लाभ या किसी खास एजेंडे के तहत किसी विशेष समुदाय की पहचान पर सवाल खड़ा करना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि इससे शांतिपूर्ण समाज में वैमनस्य और तनाव का माहौल पैदा हो सकता है।

सांसद ने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि सीमांचल के कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज समेत कई जिलों में शेरशाहवादी समुदाय सदियों से निवास कर रहा है। यहाँ की सामाजिक, आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों में इस समाज की अहम भागीदारी रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जब सरकारें स्वयं इस समुदाय को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल कर संवैधानिक मान्यता दे चुकी हैं, तब राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें बांग्लादेशी कहकर संबोधित करना दुर्भाग्यपूर्ण, अपमानजनक और पूरी तरह से आधारहीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!