किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण से संबंधित प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की स्थिति संतोषजनक है तथा आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। 11 अप्रैल 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक 6953 से अधिक उपलब्ध है। साथ ही होम डिलीवरी व्यवस्था को पुनः सक्रिय कर दिया गया है, जिसके तहत उपभोक्ताओं को अब एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी और बुकिंग के बाद दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर घर पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए पुनः बुकिंग की समय-सीमा 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन निर्धारित की गई है।
जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज कुल 40 स्थानों पर छापेमारी की गई।
आमजन की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जो प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 है। आज एलपीजी गैस से संबंधित कुल 1 शिकायत प्राप्त हुई, जिसका त्वरित समाधान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
