कटिहार में भू-माफिया आनंद कुमार सिंह गिरफ्तार: जमीन हड़पने की नीयत से रंगदारी मांगने के मामले में SIT ने पकड़ा

कटिहार में भू-माफिया आनंद कुमार सिंह गिरफ्तार: जमीन हड़पने की नीयत से रंगदारी मांगने के मामले में SIT ने पकड़ा

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में जमीन कब्जा, रंगदारी, फायरिंग और मारपीट के गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में कथित भू-माफिया आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम (SIT) द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसा निवासी पुष्पेन्द्र कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि स्थानीय भू-माफिया आनंद कुमार सिंह और उसके सहयोगियों ने जमीन हड़पने की नीयत से उनसे रंगदारी मांगी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, फायरिंग की, मारपीट की और उनके घर में चोरी व तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि वादी की पत्नी की पुश्तैनी जमीन पर दबाव बनाकर जबरन रजिस्ट्री करवा ली गई थी। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 124/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी आनंद कुमार सिंह, जो विनोद सिंह के पुत्र और सिरसा, मुफ्फसिल थाना, कटिहार के निवासी हैं, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुफ्फसिल थाने में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, फायरिंग, आगजनी, चोरी, रंगदारी, एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े आरोप शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2011 से 2024 तक आरोपी पर विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!