Katihar: निशा सिंह महिला मोर्चा अध्यक्ष, सीमा झा प्रदेश मंत्री बनीं: भाजपा ने कटिहार की दो महिला नेताओं को दी जिम्मेदारी
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार जिले की दो वरिष्ठ महिला नेताओं को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार प्रदेश कमेटी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इसके बाद कटिहार भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में सर्किट हाउस में प्राणपुर विधायक निशा सिंह और भाजपा नेता सीमा झा के सम्मान में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
हाल ही में घोषित भाजपा बिहार प्रदेश कमेटी में प्राणपुर विधायक निशा सिंह को भाजपा महिला मोर्चा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, सीमा झा को भाजपा प्रदेश मंत्री बनाया गया है। इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।
अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और नारों से गूंजता रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए निशा सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
सीमा झा ने कहा कि संगठन में वर्षों से किए गए उनके समर्पित कार्य का परिणाम उन्हें इस नई जिम्मेदारी के रूप में मिला है। उन्होंने भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महिला नेताओं के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलने का विश्वास जताया। समारोह का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
