कटिहार में वीडियोग्राफर की गला रेतकर हत्या: पिता बोले-शादीशुदा महिला से चल रहा था अफेयर, पति ने दी थी धमकी
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार में प्रेम-प्रसंग में वीडियोग्राफर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने छोहार पंचायत के बहियार में युवक का शव देखा। मृतक की पहचान अर्जुन मंडल के बेटे मनीष मंडल (22) के रूप में हुई है। घटना फलका थाना क्षेत्र के छोहार पंचायत के मोहजान गांव को बुधवार देर रात हुई।
मृतक के पिता अर्जुन मंडल ने कहा कि मेरे बेटे का मोहजान गांव निवासी पप्पू पासवान की पत्नी काजल कुमारी के साथ 3 महीने से अफेयर चल रहा था। वो 2 बेटों की मां भी है। इसी को लेकर महिला के पति और उसके घरवाले नाराज थे।
पप्पू पासवान ने कई बार धमकी भी दिया था। उसने कहा था कि बेटा को संभाल लो नहीं तो कुछ अनहोनी हो जाएगा। लेकिन महिला अक्सर मनीष को अलग-अलग बहानों से बुलाती थी। कभी मोबाइल ठीक करने तो कभी घर का पंखा ठीक करने को।
वीडियो बनाने से शुरू हुआ प्यार
पिता अर्जुन मंडल ने बताया कि पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने से शुरू हुआ था। मनीष काजल कुमारी और कुछ अन्य युवक-युवतियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाया करता था। इसी दौरान मनीष और काजल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
दो महीने पहले मिली थी चेतावनी
अर्जुन मंडल ने आरोप लगाया कि करीब दो महीने पहले पप्पू कुमार पासवान खुद उनके पास आया था। उसने मनीष और अपनी पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी देते हुए चेतावनी दी थी कि “अपने बेटे को समझा लो, वरना कोई अप्रिय घटना हो सकती है।”
हत्या से पहले दी गई थी धमकी
पिता का आरोप है कि यह विवाद इतना बढ़ गया था कि घटना से ठीक दो दिन पहले कुछ युवक उनके घर पर आ धमके थे। उन्होंने मनीष को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से चले गए।
अर्जुन मंडल ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते बुधवार की रात उनके बेटे की योजना बनाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
5 जगह से FSL ने इकट्ठा किया सैंपल
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुनील कुमार शर्मा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। वहीं वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए कटिहार से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पांच अलग-अलग स्थानों से फॉरेंसिक जांच शुरू की तथा कई महत्वपूर्ण सैंपल इकट्ठा किए।
जांच के दौरान, टीम ने मृतक की गले की चेन, रक्त के नमूने, चप्पल और मोबाइल के ब्लूटूथ बड्स सहित कई संदिग्ध वस्तुएं अपने कब्जे में ली हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ हत्या से जुड़े अहम सुरागों की तलाश में हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं।
प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच कर रही पुलिस
वहीं एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा, पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार, फलका थाना अध्यक्ष प्रहलाद कुमार, एफएसएल टीम एवं बिहार पुलिस के जवानों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की मां, पिता, भाई, बहन समेत अन्य ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली है।
कोढ़ा एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि हत्याकांड की जांच कई एंगल से की जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है,परिजन इसे प्रेम-प्रसंग में हत्या बता रहे है, इसलिए सभी चीजों की जांच की जा रही है।
