भागलपुर के लाल आकाश कुमार ने विश्व क्रिकेट में लहराया बिहार का परचम
IPL से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रबंधन तक बनाई अलग पहचान, खेल जगत से मिल रही लगातार बधाइयाँ।
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार
बिहार के भागलपुर जिले के युवा तेज गेंदबाज एवं क्रिकेट प्रोफेशनल आकाश कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और क्रिकेट की गहरी समझ के बल पर विश्व क्रिकेट के मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। खेल के साथ-साथ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ आज बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं।
आकाश कुमार के क्रिकेट करियर में वर्ष 2022 एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जब उन्हें दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना गया। इस उपलब्धि ने उनके पेशेवर क्रिकेट करियर को नई दिशा प्रदान की।
वर्तमान में आकाश कुमार विश्व की पहली प्रो-एम बिग क्रिकेट लीग (BCL) की टीम नॉर्दर्न चैलेंजर्स से जुड़े हैं, जहाँ वे खिलाड़ी होने के साथ-साथ टीम मैनेजमेंट एवं क्रिकेट संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ भी निभा रहे हैं। इस टीम में विश्व क्रिकेट के दिग्गज क्रिस गेल, हरभजन सिंह, तिलकरत्ने दिलशान, फिल मस्टर्ड, ऋषि धवन एवं सुबोध भाटी जैसे नाम शामिल हैं। वहीं लीग में शिखर धवन, एस. श्रीसंत और हर्शल गिब्स जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं।
इससे पूर्व MCL (गोवा थंडर्स) में तेज गेंदबाज के रूप में खेलते हुए आकाश कुमार ने ऑस्ट्रेलिया के विल बोसिस्टो, श्रीलंका के लियो फ्रांसिस्को तथा भारतीय क्रिकेटर प्रियांक पांचाल के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। वहीं भागलपुर क्रिकेट लीग में त्रिलोकीनाथ टाइगर्स टीम के सफल प्रबंधन के माध्यम से उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का भी प्रभावशाली परिचय दिया।
भागलपुर के नगरह नवटोलिया, नवगछिया निवासी एवं श्री सुभाष मंडल के पुत्र आकाश कुमार की यह उपलब्धि बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, मेहनत और प्रतिभा के बल पर वैश्विक स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
आकाश कुमार की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अधिवक्ता भोला कुमार मंडल, राजेंद्र कुमार, रविरंजन कुमार, पिंटू कुमार सिंह, धर्मेन्द्र, आयुष, अंकित सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि आकाश कुमार भविष्य में भी बिहार और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊँचा करेंगे।
