किशनगंज में दो बांग्लादेशी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज और मोबाइल बरामद

किशनगंज,पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी नागरिकों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों के पास से कई कथित फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) द्वारा बरामद दस्तावेजों, मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच की जा रही है।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि 26 जुलाई 2025 को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज नगर क्षेत्र में संदिग्ध विदेशी नागरिक देखे गए हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 एवं नगर थाना पुलिस के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रेमपुल के पास वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान जाकीर हुसैन (24) निवासी महिनगांव, किशनगंज तथा हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल (32) के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि हसन शेख भारत में रहने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और उसकी तलाशी में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत कई कथित फर्जी दस्तावेज बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान हसन शेख ने पुलिस को अपनी पत्नी तैयबा इस्लाम उर्फ तंजिला अख्तर के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जाकीर हुसैन के घर से तैयबा इस्लाम उर्फ तंजिला अख्तर (28) को भी हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि वह भी बांग्लादेश की नागरिक है और भारत में रहने के लिए उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था।

इस संबंध में किशनगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), फॉरेनर्स एक्ट, आधार एक्ट और पासपोर्ट एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि डीआईयू टीम बरामद दस्तावेजों, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं पर भी छापेमारी जारी है।

बरामद सामान

2 मोबाइल फोन

2 आधार कार्ड

2 पैन कार्ड

1 वोटर कार्ड

2 एटीएम कार्ड

1 मोटरसाइकिल

₹170 भारतीय मुद्रा

5 टका का 1 बांग्लादेशी सिक्का

8 सिम कार्ड

1 बैग

1 मोबाइल चार्जर

6 पासपोर्ट आकार के फोटो

गिरफ्तार आरोपी

1. जाकीर हुसैन (24), निवासी महिनगांव, किशनगंज।

2. हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल (32), स्थायी निवासी शरियतपुर, बांग्लादेश।

3. तैयबा इस्लाम उर्फ तंजिला अख्तर (28), स्थायी निवासी नरायणगंज, बांग्लादेश।

 

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!