कटिहार पुलिस ने लूटकांड का किया सफल उद्भेदन, पांच आरोपी गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर स्कूटी लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने लूटी गई स्कूटी के साथ घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को मेहदई निवासी अमित कुमार रंजन ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर बताया था कि रात करीब 8:30 बजे वह स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनिहारी–पूर्णिया फोरलेन पर दिघरी कटिहार ओवरब्रिज के समीप दो मोटरसाइकिल पर सवार छह अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनके साथ मारपीट की और स्कूटी लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 274/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी (एसआईटी) टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मामले का खुलासा करते हुए प्रिंस कुमार (18), शेखर कुमार (19), कुणाल कुमार (22), निरंजन कुमार झा (25) और अरविंद महतो (21) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
