भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर BDCC की बैठक, समन्वय मजबूत करने पर जोर

किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), ठाकुरगंज के प्रांगण में भारत-नेपाल सीमा जिला स्तरीय समन्वय समिति (Border District Coordination Committee-BDCC) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक, गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण तथा सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सीमा क्षेत्र में आर्थिक अपराधों की रोकथाम को लेकर भी आवश्यक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सीमा पार अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति में दोनों देशों की संबंधित एजेंसियों के बीच त्वरित एवं प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक का उद्देश्य भारत और नेपाल की सुरक्षा एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करना तथा सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का प्रभावी संधारण सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में किशनगंज के जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार, नेपाल के झापा जिले के प्रमुख जिला अधिकारी श्री शिवराम गेलल, मोरंग जिले के प्रमुख जिला अधिकारी श्री युवराज कटेल, नेपाल पुलिस के पुलिस अधीक्षक, सशस्त्र पुलिस बल के पदाधिकारी सहित दोनों देशों के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!