डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में “एक विद्यार्थी–एक किसान–एक समाधान” कार्यक्रम का शुभारंभ
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर द्वारा ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE – Rural Agricultural Work Experience) कार्यक्रम को अधिक व्यावहारिक, समस्या-समाधान आधारित, किसान-केंद्रित एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल “एक विद्यार्थी–एक किसान–एक समाधान (One Student–One Farmer–One Solution)” कार्यक्रम का शुभारंभ 7 सितम्बर 2026 को माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह द्वारा किया जाएगा।
इस अभिनव कार्यक्रम में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न कृषि विज्ञान केन्द्रों (KVKs) से जुड़े कुल 398 RAWE विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इनमें विशेष रूप से देश भर के 19 विभिन्न विश्वविद्यालयों के 138 विद्यार्थी भी शामिल हैं। विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता इस कार्यक्रम को अंतर-विश्वविद्यालयीय ज्ञान-विनिमय, किसान सहभागिता एवं सामूहिक समस्या-समाधान का एक महत्वपूर्ण मंच बनाती है।
कार्यक्रम की अवधारणा
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी को एक किसान से जोड़ा जाएगा। विद्यार्थी किसान के साथ खेत एवं कृषि गतिविधियों का अध्ययन करते हुए उसकी एक प्रमुख कृषि समस्या की पहचान करेगा तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं विश्वविद्यालय के विषय विशेषज्ञों के तकनीकी मार्गदर्शन में उस समस्या के लिए एक व्यावहारिक, स्थानीय एवं आर्थिक रूप से व्यवहार्य समाधान विकसित एवं लागू करने का प्रयास करेगा।
इस पहल का उद्देश्य RAWE को केवल खेत भ्रमण एवं अनुभव प्राप्त करने की गतिविधि तक सीमित न रखकर इसे समस्या की पहचान, समाधान के विकास और प्रत्यक्ष प्रभाव से जोड़ना है।
जमीनी नवाचार को विशेष प्राथमिकता
कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण विशेषता किसानों द्वारा विकसित जमीनी नवाचार (Grassroot Innovations), स्वदेशी तकनीकी ज्ञान (ITK), स्थानीय ज्ञान एवं कम लागत वाली कृषि तकनीकों की पहचान एवं दस्तावेजीकरण होगी।
विद्यार्थियों को किसानों को केवल तकनीक के लाभार्थी के रूप में देखने के बजाय उन्हें ज्ञान-साझेदार, नवप्रवर्तक एवं समाधान के सह-निर्माता के रूप में स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उपयोगी एवं संभावनाशील किसान नवाचारों को आवश्यकता के अनुसार वैज्ञानिक रूप से सत्यापित कर व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की कार्यप्रणाली
कार्यक्रम के अंतर्गत किसान–विद्यार्थी संपर्क, कृषि एवं परिवार का आधारभूत विवरण, समस्या की पहचान, वैज्ञानिक निदान, समाधान का सह-विकास, खेत पर क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण, प्रभाव का आकलन तथा दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कार्यक्रम की सफलता का आकलन तकनीकी अपनाव, उत्पादकता में वृद्धि, उत्पादन लागत में कमी, आय में वृद्धि, संसाधन उपयोग दक्षता, किसान संतुष्टि तथा सफल समाधानों के अन्य किसानों द्वारा अनुकरण जैसे मापनीय संकेतकों के आधार पर किया जाएगा।
विद्यार्थियों एवं किसानों को प्रत्यक्ष लाभ
यह पहल विद्यार्थियों में समस्या पहचान, वैज्ञानिक सोच, संवाद कौशल, नवाचार, नेतृत्व एवं समाधान विकसित करने की क्षमता को मजबूत करेगी। वहीं किसानों को उनकी वास्तविक समस्याओं के अनुरूप स्थानीय एवं आवश्यकता-आधारित तकनीकी समाधान प्राप्त होंगे।
19 विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न क्षेत्रों के कृषि अनुभव, तकनीकी ज्ञान एवं जमीनी नवाचारों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे विद्यार्थी, किसान, KVK, कृषि विश्वविद्यालय एवं अन्य प्रसार संस्थाओं के बीच मजबूत समन्वय स्थापित होगा।
सशक्त आह्वान
“एक विद्यार्थी–एक किसान–एक समाधान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि RAWE को नई दिशा देने का एक प्रयास है। इसका आह्वान है कि प्रत्येक विद्यार्थी केवल किसान की समस्या को देखे नहीं, बल्कि उसे समझे, किसान के साथ मिलकर उसका समाधान खोजे और उस समाधान का मापनीय प्रभाव सुनिश्चित करे।
प्रत्येक KVK इस पहल में मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग, नवाचार की पहचान, सत्यापन एवं दस्तावेजीकरण का प्रमुख केन्द्र बनेगा। किसानों को इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा और सफल समाधानों एवं नवाचारों को व्यापक स्तर पर प्रसार, वैज्ञानिक सत्यापन एवं अनुकरण के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
“एक विद्यार्थी – एक किसान – एक समस्या – एक समाधान – एक प्रभाव”
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर सभी RAWE विद्यार्थियों, किसानों, KVK वैज्ञानिकों, विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं सहभागी विश्वविद्यालयों से आह्वान करता है कि वे इस पहल को किसान-केंद्रित कृषि शिक्षा एवं जमीनी नवाचार के एक जन-अभियान के रूप में सफल बनेगा।
हर विद्यार्थी एक वास्तविक समस्या का समाधान करेगा,
हर किसान को एक सार्थक परिवर्तन का अनुभव होगा,
और हर सफल समाधान कृषि विकास की नई राह बनेगा ।
