पुरैनी दक्षिणी पंचायत में सहयोग शिविर का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर। प्रखंड की पुरैनी दक्षिणी पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।
भागलपुर जिले की सभी पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक सहायता और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर में विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए और उनके समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को भेजा गया।
पुरैनी दक्षिणी पंचायत में निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों व कर्मियों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ आम लोगों की सहभागिता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
