बहन के घर आए युवक को जीजा ने मारी गोली: कटिहार में देशी पिस्टल और कारतूस के साथ अरेस्ट, 13 नवंबर की घटना
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार के टिकापट्टी चांदपुर में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने उसके चचेरे जीजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रितेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
बहन के घर आए युवक को मारी गोली
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को 24 वर्षीय गुंजन कुमार अपनी बहन के घर आए थे। वह भागलपुर जिले के परपैंती थाना क्षेत्र के कहलगांव टोला के निवासी हैं।
इसी दौरान टिकापट्टी निवासी रितेश कुमार मंडल ने उन्हें गोली मार दी। घायल गुंजन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
छापेमारी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना को लेकर मिले लिखित आवेदन के आधार पर तेलता थाना में कांड संख्या 295/26 दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर सदर-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने वैज्ञानिक जांच और मिली सूचना के आधार पर छापेमारी कर रितेश कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
देशी पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार रितेश कुमार मंडल स्वर्गीय प्रभुदयाल मंडल के बेटे हैं। वह पोठिया थाना क्षेत्र के टिकापट्टी के निवासी हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
