किशनगंज: बिहार के ठाकुरगंज प्रखंड के भातगांव पंचायत के वार्ड नंबर 16 में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब 2 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने के बाद पति मोहम्मद आलम ने कथित तौर पर तेज धारदार हथियार से अपनी पत्नी जोहरा खातून के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण जोहरा खातून की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद आलम की शादी जोहरा खातून से गुलशन बिठा में हुई थी। दंपति के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात भी सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए Kishanganj भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
