किशनगंज में नाबालिग की शादी रोकने पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई अभियुक्तों पर प्राथमिकी दर्ज

किशनगंज,जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत दामलबाड़ी पंचायत में एक 17 वर्षीय नाबालिग बच्चे की शादी कराए जाने की सूचना पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित सभी अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को जन निर्माण केन्द्र, किशनगंज की टीम को स्थानीय लोगों एवं शामिल व्यक्तियों की मिलीभगत से एक नाबालिग लड़के की शादी 20 वर्षीय महिला के साथ कराए जाने की सूचना प्राप्त हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्था के जिला परियोजना समन्वयक मोहम्मद मुजाहिद आलम ने तुरंत अनुमंडल पदाधिकारी-सह-बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी अनिकेत कुमार को इसकी जानकारी दी।

मामले को संज्ञान में लेते हुए अनिकेत कुमार ने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को नामित सभी अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आदेश के अनुपालन में पहाड़कट्टा थाना में कांड संख्या 81/26, दिनांक 03.04.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, किशोर न्याय अधिनियम, 2015 एवं भारतीय न्याय संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी आरोपितों की पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जिले में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस प्रकार के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!