कटिहार में 202 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार: नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का बड़ी कार्रवाई
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 202.25 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
कटिहार डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि नगर थानाध्यक्ष को डहेरिया रेलवे फाटक के पास अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
202.25 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद
पूछताछ में आरोपी की पहचान पूर्णिया निवासी गोपाल कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई। विधिवत तलाशी के दौरान उसके पास से 202.25 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इस मामले में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्णिया जिले के मरंगा थाना में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।
कटिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
