घनश्यामपुर से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, पंजाब पुलिस ने देर रात की छापेमारी

 

लगमा गांव निवासी पंकज झा हिरासत में, पंजाब में दर्ज कांड संख्या 06/26 से जुड़ा मामला

मुरारी झा दरभंगा

दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के एक मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान लगमा गांव निवासी जीवछ झा के पुत्र पंकज झा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पंजाब में दर्ज साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस को पंकज झा की तलाश थी। इसी सिलसिले में पंजाब पुलिस की टीम दरभंगा पहुंची और घनश्यामपुर थाना पुलिस के सहयोग से बुधवार की देर रात लगमा गांव में छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पंजाब में कांड संख्या 06/26 दर्ज है। उसी के आलोक में पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान आरोपी को पकड़ लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके साइबर फ्रॉड से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंजाब पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाएगी, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!