आमजनों की समस्याओं के समाधान को लेकर डीएम सख्त, सप्ताह में दो दिन कार्यालय में मौजूद रहेंगे सभी पदाधिकारी
किशनगंज नजमुल हसनैन उर्फ जकी
किशनगंज, 22 मई। बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी विशाल राज ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा आगंतुक पंजी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्ट देने को अनिवार्य किया गया है। डीएम ने कहा कि यदि कोई पदाधिकारी अनुपस्थित रहता है, तो अधिकृत अधिकारी आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
