राजस्व अभिलेख गोपालपुर अंचल में शामिल करने को लेकर प्रस्ताव विभाग को होगा प्रेषित
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर, तिनटंगा करारी पंचायत के राजस्व अभिलेखों को गोपालपुर अंचल में शामिल करने को लेकर उच्च स्तर पर प्रस्ताव प्रेषित है। राजस्व कचहरी तीनटंगा करारी खुला हुआ है।
इस संदर्भ में अंचलाधिकारी रंगरा चौक के अनुसार मौजा तिनटंगा, थाना संख्या-47 के अंतर्गत तिनटंगा दियारा उत्तर, तिनटंगा दियारा दक्षिण एवं तिनटंगा करारी पंचायत शामिल हैं। भौगोलिक दृष्टि से तिनटंगा दियारा उत्तर एवं दक्षिण रंगरा अंचल क्षेत्र में आते हैं, जबकि तिनटंगा करारी गोपालपुर अंचल क्षेत्र में अवस्थित है। इसके बावजूद तीनों पंचायतों के राजस्व अभिलेख संयुक्त रूप से राजस्व कचहरी तिनटंगा करारी में संधारित होते रहे हैं।
ऑनलाइन रिकॉर्ड अद्यतन करने की प्रक्रिया के दौरान संयुक्त अभिलेखों के कारण सभी रिकॉर्ड रंगरा चौक अंचल में अपलोड कर दिए गए। फलस्वरूप तिनटंगा करारी के ग्रामीणों म्यूटेशन, परिमार्जन एवं भू-मापी जैसे ऑनलाइन राजस्व कार्यों का निष्पादन रंगरा अंचल से करवाते हैं, जबकि जाति, आय, निवास सहित आरटीपीएस से संबंधित प्रमाण-पत्रों का निष्पादन गोपालपुर अंचल से होता है।
इस संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि गोपालपुर अंचल की दूरी मात्र लगभग एक किलोमीटर है, जबकि रंगरा अंचल लगभग 14 किलोमीटर दूर स्थित है। इससे आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या का निवारण करने हेतु तथा तिनटंगा करारी पंचायत को गोपालपुर अंचल से संबद्ध करने की ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग को जिला प्रशासन भागलपुर द्वारा उक्त प्रस्ताव को राजस्व विभाग, बिहार सरकार को भेजा जा रहा है।
