भागलपुर में जमीन विवाद में फायरिंग, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप

भागलपुर में जमीन विवाद में फायरिंग, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप

रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग, मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए जगदीशपुर थाना में अलग-अलग आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पहले पक्ष के संजय कुमार यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपने परिजनों के साथ खेत के पास मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग हथियारों के साथ पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए उन्होंने अपने लाइसेंसी रायफल से हवाई फायरिंग की। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज की, गले से करीब एक लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। संजय कुमार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच करीब 35 वर्षों से कब्जे वाली जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में भी लंबित है।
वहीं, दूसरे पक्ष के शशि कुमार यादव ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपनी दुकान से बाहर निकले तो देखा कि उनकी जमीन पर जुताई की जा रही थी। विरोध करने पर संजय कुमार यादव, अभय कुमार यादव, अजय कुमार यादव समेत कई अन्य लोग हथियार, रायफल, पिस्टल और लाठी-डंडे के साथ पहुंचे तथा फायरिंग करते हुए उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 और जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पुलिस ने मौके से रायफल और कारतूस जब्त किए हैं।
दोनों पक्षों ने घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों आवेदनों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!