कटिहार:नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर की 48वीं आमसभा संपन्न: संजय सरावगी बोले-व्यवसायी बिहार के संदेशवाहक बनें, निवेश लाएं और रोजगार दें

कटिहार:नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर की 48वीं आमसभा संपन्न: संजय सरावगी बोले-व्यवसायी बिहार के संदेशवाहक बनें, निवेश लाएं और रोजगार दें

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार में नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 48वीं वार्षिक आमसभा रविवार को आयोजित हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री संजय सरावगी, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चैंबर के निवर्तमान अध्यक्ष एवं विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि तारकिशोर प्रसाद रहे।
निवेश बढ़ाने में व्यवसायियों की अहम भूमिका

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि व्यवसायियों को बिहार के संदेशवाहक के रूप में काम करना चाहिए, ताकि राज्य में अधिक से अधिक निवेश आ सके।
उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग लगाने के लिए एक रुपये में जमीन उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही उद्योगपतियों को स्थानीय लोगों को रोजगार देने की दिशा में भी काम करना होगा।

सरकार के सामने सीधे रख सकते हैं समस्याएं

सरावगी ने कहा कि व्यवसायी किसी भी सरकार को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बिहार सरकार व्यवसायियों और उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है। व्यवसायी अपनी समस्याओं को सीधे सरकार के सामने रख सकते हैं।

व्यवसायी आयोग के गठन को बताया बड़ी पहल

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि चैंबर में नेतृत्व देने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में यह पहली सरकार है, जिसने व्यवसायी आयोग का गठन किया है। हालांकि, इसमें अभी कुछ सुधार की आवश्यकता है।

औद्योगिक विकास में चैंबर की अहम भूमिका

कटिहार नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि चैंबर हमेशा व्यवसायियों के साथ खड़ा रहा है। कटिहार के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम शहर को साफ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायकों ने दिया चैंबर को सहयोग का भरोसा

कदवा विधायक डॉ. दुलाल चंद गोस्वामी ने चैंबर के प्रस्तावों का समर्थन करते हुए उसके हित में लगातार काम करने का भरोसा दिया।
प्राणपुर विधायक निशा सिंह ने व्यवसायियों से नए नेतृत्व में आगे बढ़ने की अपील की। बरारी विधायक विजय सिंह ने कहा कि चैंबर व्यवसायियों के हित में लगातार संघर्ष करता रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक, नगर निगम और चैंबर मिलकर व्यवसायियों के हित में काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!