कटिहार में 10 बुलडोजर के साथ एक्शन, सैकड़ों परिवारों के घर हंगामे और आगजनी के बीच ध्वस्त
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार में कोर्ट के आदेश के बाद गामी टोला में घरों पर बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई हुई, और आगजनी हुई-
कटिहार: बिहार में कटिहार शहर के गामी टोला इलाके में रविवार को प्रशासन का बड़ा बुलडोजर एक्शन देखने को मिला. न्यायालय के आदेश पर वर्षों से बसे सैकड़ों परिवारों के आशियानों पर बुलडोजर चला दिया गया. सुबह होते ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम करीब 10 बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और 8 एकड़ 56 डिसमिल जमीन को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी. देखते ही देखते कई घर मलबे में तब्दील हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
न्यायालय के आदेश पर शुरू हुई कार्रवाई : बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से मामला न्यायालय में चल रहा था. महंत मदन कुमार दास के पक्ष में फैसला आने के बाद प्रशासन को कब्जा हटाने का आदेश मिला था. आदेश मिलते ही जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया. प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के निर्देश के तहत की गई है।
बुलडोजर चलते ही फूटा लोगों का गुस्सा: अपने घरों को टूटता देख स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प भी हुई. हालात बिगड़ते देख बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा. कई लोगों ने कार्रवाई रोकने की मांग की, लेकिन प्रशासन न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए अभियान में जुटा रहा.
महिलाओं ने सड़क पर उतरकर किया विरोध: विरोध के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और जमकर हंगामा किया. कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना के अचानक बुलडोजर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी. इस दौरान कुछ महिलाओं की ओर से आगजनी भी की गई, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला।
‘कोई नोटिस नहीं दिया गया’ : मौके पर मौजूद महिला गीता सिंह ने कहा कि प्रशासन ने पहले कोई नोटिस नहीं दिया और अचानक बुलडोजर लेकर पहुंच गया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर जमीन किसी और की है तो प्रशासन संबंधित कागजात सार्वजनिक क्यों नहीं कर रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से वे यहां रह रहे थे और अचानक इस तरह की कार्रवाई से वे बेघर हो गए हैं.
‘कोर्ट के आदेश का पालन’: वहीं नाजीर ब्रह्मदेव मंडल ने बताया कि- ”न्यायालय के आदेश के अनुसार जिनके पक्ष में डिग्री हुई है, उन्हें जमीन खाली कराकर सौंपना है और प्रशासन उसी आदेश का पालन कर रहा है.” उन्होंने कहा कि- ”खाली कराई गई जमीन महंत मदन कुमार दास को सौंप दी जाएगी. प्रशासन ने साफ किया कि यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
भारी पुलिस बल तैनात: घंटों तक चले विरोध, हंगामे और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरी जमीन को खाली करा लिया गया. फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. कटिहार के गामी टोला में चला यह बुलडोजर एक्शन अब पूरे जिले में चर्चा का बड़ा विषय बन गया
