जेंडर संवेदीकरण जागरूकता कार्यक्रम की विजेता छात्राओं को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक किशनगंज के द्वारा किया गया सम्मानित।
किशनगंज नजमुल हसनैन उर्फ जकी
किशनगंज: महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज के तत्वावधान में कल आयोजित जेंडर संवेदीकरण जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका उच्च विद्यालय, डुमरिया में पेंटिंग, भाषण (स्पीच) एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आज जिला पदाधिकारी कार्यालय, किशनगंज के कार्यालय कक्ष में प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, किशनगंज, श्री विशाल राज, पुलिस अधीक्षक, किशनगंज, श्री संतोष कुमार एवं DPO ICDS श्रीमती अंकिता कुमारी की उपस्थिति में विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अधिकारियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही छात्राओं को शिक्षा एवं अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
पुरस्कार प्राप्त कर छात्राओं में खुशी का माहौल देखा गया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं बालिका उच्च विद्यालय की शिक्षिका उपस्थित रही।
