किशनगंज में जेंडर संवेदीकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा पर दिया गया विशेष जोर
किशनगंज नजमुल हसनैन उर्फ जकी
किशनगंज: महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज के तत्वावधान में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन एवं वन स्टॉप सेंटर द्वारा बुधवार को बालिका उच्च विद्यालय, डुमरिया में जेंडर संवेदीकरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के बीच चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन एवं जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम जिला पदाधिकारी Vishal Raj के अनुमोदन एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम Ankita Singh के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक मोहम्मद शाहबाज आलम ने कहा कि समाज में महिला एवं पुरुष दोनों को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया तथा जेंडर समानता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना एवं बेरोजगारी भत्ता योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा, अंजू दास, वन स्टॉप सेंटर की परामर्शी टुम्पा दास, केस वर्कर सहित विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
