हाजी चौक से दलवाहाट सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
पौठिया प्रखंड अंतर्गत हाजी चौक से दलवाहाट तक बन रही सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय सदस्य शाहिद राजा अंसारुल हक, अंजार आलम, रज़ाउल कादरी, राजिक आलम, सरफराज आलम, फिरोजा खातून सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों एवं गुलाम रब्बानी ने कथित गलत निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “जनता के पैसे का हिसाब दो”, “भ्रष्टाचार बंद करो” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने संबंधित इंजीनियर एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई करने की अपील की, ताकि जनता के पैसे का सही उपयोग हो सके और क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण सड़क की सुविधा मिल सके।
