कटिहार: 3 गाड़ियों के साथ कटिहार पहुंचे गन्ना मंत्री संजय पासवान: NDA कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, शिविर का फायदा उठाने की अपील
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान अररिया जाते समय कटिहार के कुर्सेला पहुंचे। कुर्सेला चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंत्री का काफिला एस्कॉर्ट सहित तीन गाड़ियों के साथ था।
लोजपा व्यवसाय प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष निलेश गुप्ता के आवास पर कार्यकर्ताओं ने मंत्री को पुष्पमाला और बुके भेंट कर अभिनंदन किया। लोजपा खेमे से मंत्री बने संजय पासवान के स्वागत को लेकर कुर्सेला के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनडीए समर्थक और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।
पटाखा फैक्ट्री में मजदूरों की मौत की सूचना मिलने पर अररिया रवाना
इस दौरान सहयोग शिविर के प्रभारी मंत्री संजय पासवान ने बताया कि मुंगेर में सहयोग शिविर कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उन्हें अररिया में पटाखा फैक्ट्री में मजदूरों की मौत की सूचना मिली थी। चिराग पासवान के निर्देश पर वे तुरंत अररिया के लिए रवाना हुए, ताकि पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दे सकें।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि बिहार सरकार ने “सबका सम्मान, जीवन आसान” संकल्प के तहत 19 मई से सहयोग शिविर कार्यक्रम शुरू किया है। इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से इन शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने और जागरूक होने की अपील की।
