प्रभारी मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल की अध्यक्षता में विद्युत व्यवस्था एवं विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

 

प्रभारी मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल की अध्यक्षता में विद्युत व्यवस्था एवं विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

माननीय मंत्री, ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, किशनगंज श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल की अध्यक्षता में जिला परिषद स्थित मेची सभागार में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक में GSS, एवरेज पावर अवेलेबिलिटी, विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबध योजना, स्मार्ट प्रीपेड मीटर इंस्टॉलेशन, सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, Ease of Living एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री महोदय ने कहा कि बरसात के मौसम में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की प्राथमिक योजनाओं में “हर खेत तक बिजली” पहुंचाना एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है तथा इस दिशा में जिले में कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से कार्य करने का निर्देश दिया।

प्रभारी मंत्री महोदय ने कहा कि बिहार में उद्योगों के विकास की सबसे अधिक संभावना किशनगंज जिले में है। ऐसे में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक के दौरान माननीय विधायक महोदय द्वारा गलगलिया, ठाकुरगंज एवं चुरली पावर स्टेशन की व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जिले में 33 केवी के जर्जर विद्युत तारों को बदला जा रहा है ताकि विद्युत आपूर्ति में सुधार लाया जा सके। NBPDCL के अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने आवासों में सोलर सिस्टम लगाने का आग्रह किया। साथ ही जिला पदाधिकारी महोदय से अनुरोध किया गया कि बैंकर्स के साथ समन्वय स्थापित कर लाभुकों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने हेतु कार्रवाई की जाए।

इस पर जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी बैंकर्स के साथ बैठक की जा चुकी है तथा बैंकर्स द्वारा आश्वस्त किया गया है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत ऋण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।

प्रभारी मंत्री महोदय ने पुराने सरकारी भवनों में लगे सोलर प्लेटों को ऑफ-ग्रिड से ऑन-ग्रिड प्रणाली में परिवर्तित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी सरकारी भवनों पर स्थापित सोलर प्लेटों की स्थिति की समीक्षा करने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

प्रभारी मंत्री महोदय ने कहा कि वर्तमान गर्मी के मौसम में अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए तथा बरसात के दौरान भी विद्युत आपूर्ति सुचारू बनी रहे, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नया बिजली कनेक्शन सहित आम उपभोक्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं का भी त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली आज लोगों की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है, इसलिए विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनिकेत कुमार, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार सिंह, एवं NBPDCL के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!