चार दिनों से अंधेरे में कनकपुर, बिजली बहाली की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
ठाकुरगंज (किशनगंज), किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत कनकपुर पंचायत में बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। कनकपुर पंचायत के खरीबस्ती वार्ड संख्या 16 और मानिकपुर गांव वार्ड संख्या 17 के ग्रामीणों ने गांव से जुलूस निकालकर थाना तक मार्च किया और बिजली विभाग के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिसे बाद में बदलकर लगाया गया, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि जब वे बिजली लाइन चालू कराने की मांग लेकर संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) के पास पहुंचे, तो जेई ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें केस में फंसाने की धमकी दी। ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें कथित तौर पर जेई द्वारा धमकी दिए जाने की बात रिकॉर्ड हुई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने गांव से जुलूस निकालकर थाना पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
