राष्ट्रीय लोक मोर्चा भागलपुर के फायर ब्रांड छात्र नेता सत्यम मिश्रा बने टीएमबीयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष।
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर बिहार
भागलपुर। छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से सत्यम मिश्रा को तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय इकाई का विश्वविद्यालय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है। सत्यम मिश्रा ने इस जिम्मेदारी के लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा एवं छात्र प्रदेश नेतृत्व, वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा सभी साथी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।
*बता दें कि सत्यम मिश्रा की छात्र राजनीति में सक्रियता की शुरुआत टीएनबी कॉलेज अध्यक्ष के रूप में हुई थी। इसके बाद संगठन ने उन्हें भागलपुर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। अपने कार्यकाल के दौरान वे लगातार छात्र-छात्राओं के बीच सक्रिय रहे और शिक्षा, परीक्षा, परिणाम, छात्र सुविधाओं, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से जुड़े विभिन्न छात्रहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं।*
विश्वविद्यालय अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर सत्यम मिश्रा ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन द्वारा जताया गया विश्वास और एक बड़ी जिम्मेदारी है। वे इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा विश्वविद्यालय एवं इससे जुड़े महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनकर उचित मंच तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा, परिणाम, नामांकन, प्रमाण-पत्र, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे सभी छात्रहित के मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष लोकतांत्रिक एवं सकारात्मक तरीके से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
*सत्यम मिश्रा ने कहा, “कॉलेज अध्यक्ष से जिला अध्यक्ष और अब विश्वविद्यालय अध्यक्ष तक का सफर संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के विश्वास तथा साथी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं के सहयोग का परिणाम है। इस नई जिम्मेदारी के साथ मेरा संकल्प और मजबूत हुआ है कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती से उठाऊँ और छात्रहित के लिए लगातार कार्य करता रहूँ।”*
उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।
*
