ईद-उल-फितर को लेकर किशनगंज में हाई अलर्ट, डीएम विशाल राज ने अधिकारियों के साथ की संयुक्त ब्रीफिंग

किशनगंज: आगामी ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय, किशनगंज में पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

ब्रीफिंग के दौरान डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा ट्रैफिक प्रबंधन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। वहीं दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

डीएम ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के माहौल को बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

बैठक में जिले के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!