भारत-नेपाल सीमा के पास 103.8 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं बटालियन रानीडांगा को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की ‘E’ कंपनी कादोमनी जोत की क्विक रिस्पॉन्स टीम ने कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 103.8 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई।
यह कार्रवाई दार्जिलिंग जिले के थाना खोरीबाड़ी क्षेत्र अंतर्गत सोना चांदी गांव स्थित NH-327E के पास की गई। बताया गया कि यह स्थान भारत-नेपाल सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर बॉर्डर पिलर संख्या 98/19 के समीप स्थित है।
एसएसबी टीम ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 103.8 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा एक वीवो मोबाइल फोन, वोटर आईडी कार्ड की फोटोकॉपी तथा पैन कार्ड की फोटोकॉपी भी जब्त की गई।
बरामद पदार्थ की जांच एसएसबी के स्निफर डॉग और ड्रग डिटेक्शन किट की सहायता से की गई, जिसमें परिणाम सकारात्मक पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में मामले से जुड़े आगे और पीछे के तार सामने आने की बात कही जा रही है, जिससे एक संगठित नशीले पदार्थ तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. सिराजुल हक (34) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के मंसुरा गांव का निवासी बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह एक कूरियर के रूप में काम कर रहा था और उसे यह खेप खोरीबाड़ी तक पहुंचानी थी।
इस अभियान में एसएसबी के एक सब-इंस्पेक्टर सहित कुल छह जवान शामिल थे। एसएसबी ने गिरफ्तार आरोपी को जब्त ब्राउन शुगर एवं अन्य सामानों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाना को सौंप दिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही नशीले पदार्थों की तस्करी को देखते हुए एसएसबी द्वारा निगरानी और तलाशी अभियान लगातार तेज किए जा रहे हैं।
