भाकपा (माले) ने मनाया संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजूमदार का शहादत दिवस
*श्रद्धांजलि दे लिया संघर्ष जारी रखने संकल्प, कहा – युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा है खिलवाड़*
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर बिहार
भागलपुर। मंगलवार को भाकपा (माले) के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजूमदार का 55वां शहादत दिवस देशभर में संकल्प दिवस के रुप में मनाया गया। स्थानीय सुरखीकल स्थित यूनियन कार्यालय में इस अवसर पर मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने कॉमरेड चारु मजूमदार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी स्मृति में दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर उनके सपनों के भारत निर्माण के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कॉमरेड चारु मजूमदार के जीवन संघर्षों की विस्तृत चर्चा करते हुए भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने मौके पर कहा कि आज हम देश में एक बिल्कुल विरोधाभासी दौर का सामना कर रहे हैं। अर्थव्यवस्था से लेकर रोज़मर्रा के शासन और विदेश नीति तक, मोदी सरकार देश की भारी बहुसंख्यक जनता के लिए पूरी तरह विनाशकारी साबित हुई है। मोदी सरकार का भ्रष्ट चरित्र, पहले से कहीं ज़्यादा बेनकाब हुआ है। यह सरकार युवाओं के भविष्य और करोड़ों श्रद्धालु हिंदुओं की आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ करते हुए रंगे हाथों पकड़ी गई है। फिर भी सरकार ने चुनावी मशीनरी और पूरे राज्य तंत्र पर अपनी पकड़ इस तरह मज़बूत कर ली है कि आज भाजपा 20 से ज़्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सत्ता पर काबिज़ है। सरकार किसी भी तरह संसद में दो तिहाई बहुमत हासिल कर परिसीमन और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अपनी योजना को लागू करने पर उतारू है। एसआईआर पूरा होने के बाद पूरे देश में एनआरसी थोप देने और संविधान में कई दूसरे दूरगामी तथा कठोर संशोधन करने के लिए कदम बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का फासीवादी चेहरा अब अपने असली रूप में सामने आ गया है और हमें इस फासीवादी हमले के खिलाफ़ अपना प्रतिरोध और तेज़ करना होगा। क्रांतिकारी कम्युनिस्ट होने के नाते, कम्युनिस्ट आंदोलन और भाकपा (माले) की महान विरासत के वारिस होने के नाते, हमें इस चुनौतीपूर्ण दौर का सामना तीन बुनियादी कम्युनिस्ट गुणों – साहस, धैर्य और दृढ़ता के साथ करना होगा। मोदी सरकार देश को डर के गणतंत्र में बदलने की कोशिश कर रही है, हम सब को इसका मुकाबला करने का लिए तैयार रहना होगा। जनता के जोशीले संघर्ष की ताक़त से टिकी हुई पार्टी होने के नाते, हमें लोकतंत्र और सामाजिक बदलाव की आज की लड़ाइयों में अपनी पूरी भूमिका निभानी होगी।
संकल्प सभा की अध्यक्षता भाकपा (माले) के नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल ने की। संकल्प सभा में भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य व ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त, भागलपुर जिला कमिटी सदस्य सिकन्दर तांती व पूनम देवी, बांका जिला कमिटी सदस्य संगीता देवी, भागलपुर नगर कमिटी सदस्य अमर कुमार, मनोज कृष्ण सहाय, अमित गुप्ता, बुधनी उरांव व चंचल पंडित, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ–गोपगुट के जिला सचिव राकेश अंबष्ट व बन्धुजी, करण कुमार, पार्वती देवी, देव यादव आदि शामिल रहे।
